टोनी देवी, दिनांक 26 फरवरी 2026- हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ, शिमला द्वारा सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं, हमीरपुर के अंतर्गत विकास खण्ड टोनी देवी की सहकारी सभाओं के प्रबंधन समिति सदस्यों एवं कर्मचारियों हेतु एक दिवसीय सहकारी शिक्षा शिविर का आयोजन मंदिर टोनी देवी के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक इंस्पेक्टर सहकारिता विभाग टोनी देवी श्री सुनील कुमार, निदेशक जिला सहकारी संघ हमीरपुर श्री बलबीर सिंह तथा सर्कल इंस्पेक्टर सहकारिता विभाग श्री पवन कुमार द्वारा की गई। शिविर में लगभग 40 प्रबंधक कमेटी सदस्यों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सहकारी शिक्षा अनुदेशक श्री बलवंत सिंह ने प्रबंधन समिति सदस्यों एवं कर्मचारियों को सहकारी सभाओं के प्रति उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं के बारे अवगत कराया, ताकि सहकारी सभाओं का व्यवसायिक विस्तार हो तथा उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके। सर्कल इंस्पेक्टर सहकारिता विभाग श्री पवन कुमार ने सहकारी सभाओं के विभिन्न कोषों के संबंध में जानकारी प्रदान की। ब्लॉक इंस्पेक्टर श्री सुनील कुमार ने उपस्थित सदस्यों की सहकारी सभाओं से संबंधित समस्याओं को सुना तथा उनके समयबद्ध समाधान पर बल दिया। निदेशक, जिला सहकारी संघ हमीरपुर श्री बलबीर सिंह ने सहकारिता की महत्वता पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त बलोह सहकारी सभा के कमेटी सदस्य श्री लाल चंद ने प्रबंधक कमेटी सदस्यों को कर्मचारियों के साथ समन्वय एवं सहयोग की भावना से कार्य करने का आह्वान किया, जिससे सहकारी सभाओं का समुचित संचालन एवं विकास सुनिश्चित हो सके। शिविर का मुख्य उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को अधिक सशक्त, पारदर्शी एवं आत्मनिर्भर बनाना रहा।
/