हरोली विकास खंड में सहकारी सभाओं के सचिवों के लिए एक दिवसीय सहकारी शिक्षा शिविर आयोजित
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ (हिमकोफैड) द्वारा दिनांक 29 अगस्त, 2026 को हरोली विकास खंड में सहकारी सभाओं के सचिवों के लिए एक दिवसीय सहकारी शिक्षा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य सहकारी सभाओं के सचिवों को सहकारिता के मूल सिद्धांतों, सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली तथा उनके प्रभावी प्रबंधन के संबंध में जागरूक करना था। शिविर के दौरान सचिवों को उनके कार्यों एवं जिम्मेदारियों, सभा के अभिलेखों के उचित रखरखाव, वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता तथा जवाबदेही के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर सहकारी सभाओं के सुचारू संचालन, सदस्यों के हितों की रक्षा तथा प्रबंधन समिति के साथ समन्वय स्थापित करके कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। साथ ही, सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्षम, पारदर्शी एवं आत्मनिर्भर बनाने में सचिवों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। हिमकोफैड प्रदेश में सहकारी शिक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों, सचिवों एवं सदस्यों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाना तथा हिमाचल प्रदेश में सहकारी आंदोलन को नई दिशा प्रदान करना है।