"सहकारी सप्ताह–2026" का शुभारम्भ,सहकारी प्रतिज्ञा के साथ कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारम्भ
सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में दिनांक 29 जून से 7 जुलाई, 2026 तक आयोजित किए जा रहे "सहकारी सप्ताह–2026" के अंतर्गत सहकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा आज सहकारी प्रतिज्ञा के साथ सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर सहकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के समस्त सहायक पंजीयक, सहकारी सभाएं कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सहकारी प्रतिज्ञा का सामूहिक रूप से वाचन किया गया तथा सहकारिता के मूल सिद्धांतों—स्वैच्छिकता, लोकतांत्रिक प्रबंधन, पारदर्शिता, आत्मनिर्भरता एवं परस्पर सहयोग—का पालन करते हुए "सहकार से समृद्धि" के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने हेतु पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया गया। सहकारी सप्ताह के दौरान प्रदेशभर में सहकारिता विभाग के मार्गदर्शन में विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम, सहकारी शिक्षा एवं प्रशिक्षण शिविर, विचार गोष्ठियाँ, सदस्य संवाद, वृक्षारोपण अभियान तथा अन्य सहकारिता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सहकारिता के सिद्धांतों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए आमजन को सहकारी आंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। सहकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश ने प्रदेश की सभी सहकारी संस्थाओं, उनके पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं सदस्यों से सहकारी सप्ताह–2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सहकारिता की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया है, ताकि "सहकार से समृद्धि" के राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।