चुवाड़ी, 20 जून 2026: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विकास संघ, शिमला द्वारा भटियात तहसील यूनियन, चुवाड़ी में विकास खण्ड भटियात की सहकारी सभाओं के प्रबंधक कमेटी सदस्यों, सभा सदस्यों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय सहकारी शिक्षा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 60 सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर सहकारी शिक्षा अनुदेशक, नूरपुर श्री बलवंत सिंह ने उपस्थित सदस्यों को सहकारी सभा के प्रति उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने सहकारी सभाओं के सुचारू संचालन में सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला।सहकारी प्रशिक्षण केन्द्र गरली के प्रधानाचार्य श्री बलबिंदर सिंह ने समाज के आर्थिक विकास एवं सामाजिक कल्याण में सहकारिता की अहम भूमिका के बारे में उपस्थित सदस्यों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, सदस्यों के हितों की रक्षा करने तथा सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की।शिविर का मुख्य उद्देश्य सहकारी सभाओं के प्रबंधक कमेटी सदस्यों, सभा सदस्यों एवं कर्मचारियों को सहकारिता के सिद्धांतों, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा समाज के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में सहकारिता की भूमिका के बारे में जागरूक करना रहा।
/