चम्बा के सलूणी ब्लॉक में दो दिवसीय सहकारी शिक्षा शिविर का सफल आयोजन
सलूणी ब्लॉक की सहकारी सभाओं के प्रबंधक समिति सदस्यों, सभा सदस्यों एवं कर्मचारियों के लिए दिनांक 04.06.2026 से 05.06.2026 तक दो दिवसीय सहकारी शिक्षा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला अंकेक्षण अधिकारी, चम्बा श्री राजेश कुमार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। शिविर के दौरान सहकारी शिक्षा अनुदेशक, नूरपुर श्री बलवंत सिंह ने उपस्थित सदस्यों को सहकारी सभाओं के प्रति उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। सहकारी प्रबंधन केन्द्र, गरली के प्रधानाचार्य श्री बलविंदर सिंह ने प्रतिभागियों को हिमाचल प्रदेश सहकारी सभाएँ अधिनियम एवं नियमों के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। जिला अंकेक्षण अधिकारी, चम्बा श्री राजेश कुमार ने सहकारी सभाओं की अंकेक्षण प्रक्रिया, वित्तीय अनुशासन तथा सहकारी संस्थाओं के सुचारू संचालन में सदस्यों की भूमिका एवं उत्तरदायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने के महत्व पर भी बल दिया। शिविर में प्रतिभागियों ने सहकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। शिविर के प्रथम दिवस अर्थात् 04 जून, 2026 को लगभग 44 सदस्यों तथा द्वितीय दिवस 05 जून, 2026 को लगभग 25 सदस्यों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने ऐसे प्रशिक्षण एवं शिक्षा शिविरों को सहकारी आंदोलन को मजबूत बनाने तथा सदस्यों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अत्यंत उपयोगी बताया।